धमतरी राज्योत्सव में पुलिस का मानवीय चेहरा — मुस्कानों के साथ सुरक्षा संदेश, “सेल्फी विथ मी” सबसे लोकप्रिय
- moolchand sinha

- Nov 3, 2025
- 2 min read

धमतरी।
राज्योत्सव का मंच, भीड़ उमड़ती, सुरक्षा व्यवस्था चाक–चौबंद—और इसी बीच धमतरी पुलिस का जागरूकता स्टॉल बना कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण। नक्सल विरोधी अभियान से लेकर सायबर सुरक्षा तक, पुलिस की प्रस्तुति ने न सिर्फ जनता को जानकारी दी बल्कि “सेल्फी विथ मी” जोन ने पूरे समारोह में उत्साह और ऊर्जा का केंद्र बिंदु बना दिया। आम नागरिकों से लेकर स्कूली बच्चों तक हर कोई पुलिस जवानों के साथ तस्वीरें लेने को उत्सुक दिखा, वहीं अधिकारियों ने भी स्टॉल का अवलोकन कर जनजागरूकता की इस पहल को सराहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को हुआ, जिसकी शुरुआत धमतरी पुलिस बैंड के मनोहर देशभक्ति गीतों से हुई। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में लगाए गए इस विशेष जागरूकता स्टॉल में नक्सल विरोधी अभियान, नक्सली पुनर्वास नीति, सायबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात नियमों पर विस्तृत जानकारी आमजन को दी गई। पोस्टर, मॉडल, बैनर और पम्पलेट वितरण के माध्यम से पुलिस टीम ने नागरिकों को सुरक्षा और कानून व्यवस्था संबंधी अहम जानकारी प्रदान की।
राज्योत्सव के मुख्य अतिथि पूर्व पंचायत मंत्री एवं विधायक कुरूद श्री अजय चंद्राकर, कलेक्टर श्री अभिनाश मिश्रा, एसपी श्री सूरज सिंह परिहार, डीएफओ श्री कृष्ण जाधव एवं पूर्व विधायक श्री इंदरचंद चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्टॉल का अवलोकन किया। मुख्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने भी “सेल्फी विथ मी” जोन में शामिल होकर पुलिस जवानों के साथ तस्वीरें क्लिक कर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया तथा पुलिस की जनजागरूकता पहल की सराहना की।

स्टॉल में पहुँचने वाले नागरिकों को यातायात नियमों का पालन, सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, हाईवे पेट्रोलिंग की त्वरित सहायता प्रक्रिया, नशे में वाहन ना चलाने, और सायबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। आरमोरर टीम, यातायात शाखा, सायबर सेल एवं थाना स्टाफ द्वारा नागरिकों और विद्यार्थियों के सवालों के उत्तर दिए गए और सावधानियाँ साझा की गईं।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ऑनलाइन ठगी से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस स्टॉल 2 से 4 नवंबर तक राज्योत्सव स्थल पर संचालित रहेगा, जिसमें प्रतिदिन लोगों को सुरक्षा एवं जागरूकता संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी।
राज्योत्सव के इस अवसर पर धमतरी पुलिस का जनसंपर्क और जागरूकता अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा, वहीं “सेल्फी विथ मी” पहल ने कार्यक्रम में उत्साह और सहभागिता का नया आयाम जोड़ दिया।




Comments