top of page

घर के भीतर की सूचना, बाहर से फर्जी रेड — एसपी सूरज सिंह परिहार के खुलासे से बेनकाब हुआ पूरा षड्यंत्र


धमतरी।

जिस घर में भरोसे की चाबी दी गई, वहीं से साजिश की पटकथा लिखी गई। फर्जी इनकम टैक्स रेड के सनसनीखेज मामले में सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने उस चेहरे से पर्दा हटा दिया है, जो अब तक परदे के पीछे था। अंतरराज्यीय गिरोह की इस साजिश की मुख्य सूत्रधार कोई बाहरी अपराधी नहीं, बल्कि डॉ. राठौर के घर में कार्यरत महिला कर्मचारी निकली। मास्टरमाइंड महिला आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने जांच से जुड़े अहम तथ्यों को सामने रखा है।

क्या है पूरा मामला

17 नवंबर 2025 को 6–7 अज्ञात व्यक्ति खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर डॉ. दिलीप राठौर के रत्नाबांधा स्थित मकान में जबरन घुसे। बिना किसी वैध सर्च वारंट के घर के कमरों, अलमारियों और लॉकर की तलाशी ली गई। करीब डेढ़ से दो घंटे तक चली इस फर्जी रेड के बाद आरोपी दो कारों में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार ने जांच से जुड़े अहम तथ्यों को सामने रखा।

12 दिसंबर 2025 को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद मामले की विवेचना शुरू की गई।


अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची पुलिस

थाना सिटी कोतवाली एवं साइबर सेल धमतरी की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नागपुर, दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बालोद-दल्लीराजहरा में दबिश दी। अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

आरोपियों के कब्जे से—04 चारपहिया वाहन

14 मोबाइल फोन,

05 जूट की खाली बोरियां

जप्त की गई हैं।


महिला आरोपी निकली मास्टरमाइंड

विवेचना में सामने आया कि डॉ. राठौर के घर में कार्यरत महिला कर्मचारी सुनैना सोनी उर्फ मोना ही पूरे षड्यंत्र की सूत्रधार थी। उसने घर के अंदरूनी नक्शे और गतिविधियों की जानकारी गिरोह तक पहुंचाई, कई बार आरोपियों को घर बुलाकर रेकी करवाई और फर्जी रेड के लिए उकसाया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी पुलिस ने जप्त किया है।


एसपी सूरज सिंह परिहार का बड़ा खुलासा

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार ने कहा— “यह एक सुनियोजित अंतरराज्यीय अपराध है, जिसमें भरोसे का दुरुपयोग कर फर्जी इनकम टैक्स रेड की योजना बनाई गई। सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई से पूरे नेटवर्क की पहचान की गई है।


घर में काम करने वाली महिला द्वारा अंदरूनी जानकारी देना इस मामले की सबसे अहम कड़ी रही। पुलिस ने सभी साक्ष्यों के आधार पर मास्टरमाइंड महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी सरकारी अधिकारी की कार्रवाई के दौरान वैध पहचान पत्र और सर्च वारंट की पुष्टि जरूर करें।”**

कानूनी कार्रवाई

महिला आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 327/25, धारा 204(2), 319(2), 331(3), 61(2), 3(5) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


एसपी सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में धमतरी पुलिस की यह कार्रवाई फर्जी अधिकारी बनकर लूट की योजना बनाने वाले गिरोहों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।

👉 अधिक अपडेट्स के लिए जुड़े रहें — BREAKING NOW

Comments


bottom of page