बिलासपुर | छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में सुहाग पर वार: महिलाओं के गिरोह ने रची मंगलसूत्र लूट की साजिश
- moolchand sinha

- Dec 19, 2025
- 2 min read
Updated: Dec 20, 2025

बिलासपुर |
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी
जहां न्याय की उम्मीदें जन्म लेती हैं, वहीं दिनदहाड़े एक महिला के सुहाग पर हाथ डालने की साजिश ने हर किसी को चौंका दिया। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में उसलापुर ओवरब्रिज के पास महिलाओं के ही गिरोह ने मंगलसूत्र लूट की वारदात को अंजाम दिया।
हालांकि, सिविल लाइन पुलिस की तत्परता ने इस अपराध को ज्यादा दूर तक भागने नहीं दिया।
ऑटो बना वारदात का जरिया
अटल आवास सकरी निवासी एवं एलआईसी एजेंट मनीषा सोनी मंगलवार दोपहर अपने पति नर्मदा प्रसाद सोनी के साथ ऑटो से बच्चों को स्कूल से लेने निकली थीं।
ऑटो स्वयं उनके पति चला रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में पांच महिलाओं ने ऑटो रोककर नेहरू चौक जाने की बात कही और सवार हो गईं।
बाल खींचे, सीट बदली… और उड़ गया मंगलसूत्र
जैसे ही ऑटो उसलापुर ओवरब्रिज के पास पहुंचा, एक महिला ने पीछे से मनीषा के बाल खींचे और जबरन सीट बदलने को कहा।
अफरा-तफरी का फायदा उठाकर दूसरी महिला ने उन्हें बीच वाली सीट पर बैठाया और कुछ ही सेकंड में गले से सोने का मंगलसूत्र गायब कर दिया।
शोर मचते ही आरोपी फरार
मंगलसूत्र गायब होने का आभास होते ही मनीषा ने ऑटो रुकवाया और शोर मचाया।
खुद को घिरता देख आरोपी महिलाएं मौके से भागते हुए उसलापुर रेलवे स्टेशन की ओर फरार हो गईं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस तत्काल हरकत में आई और कुछ ही समय में तीन महिलाओं को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी—
रचना गिरी गोस्वामी (25) – महेशपुरमुरा, थाना जय नगर, जिला सूरजपुर
रजन गिरी गोस्वामी (32) – महेशपुरमुरा, थाना जय नगर, जिला सूरजपुर
कौशिल्या गिरी गोस्वामी (30) – पोड़ी उपरोड़ा, जिला कोरबा
मंगलसूत्र बरामद, तीनों जेल रवाना
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।
तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सख्त संदेश
सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन में अपराध करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है और इस तरह की घटनाओं में शामिल आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।








Comments