top of page

रायगढ़ शर्मसार: बाप की दरिंदगी, दो साल तक बेटी से दुष्कर्म! 'घर का रक्षक' बना सबसे बड़ा भक्षक



प्रतीकात्मक चित्र
प्रतीकात्मक चित्र

रायगढ़। 

इंसानियत को शर्मसार और पवित्र रिश्तों को कलंकित कर देने वाली एक ऐसी दास्तां सामने आई है, जिसे सुनकर किसी का भी कलेजा कांप उठे। जिस पिता के साये में एक बेटी दुनिया की हर बुरी नज़र से खुद को महफूज समझती है, रायगढ़ के चक्रधर नगर में उसी पिता ने हवस की अंधी चाहत में अपनी ही 16 साल की फूल सी बेटी के जीवन को नर्क बना दिया। दो साल... जी हां, पूरे दो साल तक यह कलयुगी पिता अपनी नाबालिग बेटी के जिस्म और रूह को छलनी करता रहा, जबकि डरी-सहमी बेटी खामोशी से यह ज़ुल्म सहती रही। अंततः, पाप का घड़ा भरा और बेटी की हिम्मत ने इस दरिंदे को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

चक्रधर नगर थाना क्षेत्र से सामने आई इस घिनौनी घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी और परिजनों के अनुसार, पीड़ित नाबालिग अपने माता-पिता और दो छोटे भाइयों के साथ रहती है। घर का खर्च चलाने के लिए मां दिन-रात दूसरों के घरों में मजदूरी करती है, जबकि पिता बेरोजगार था और अक्सर घर में बच्चों के साथ मारपीट करता रहता था।


जनवरी 2023: जब शुरू हुआ खौफ का सिलसिला

पीड़िता के मुताबिक, उसके जीवन में अंधेरे की शुरुआत जनवरी 2023 में हुई। वह अपनी सहेलियों के साथ नए कपड़े पहनकर पार्क घूमने गई थी। जब वह घर लौटी, तो बेरोजगार और गुस्सैल पिता ने इसी बात पर उसे बुरी तरह पीटा। उसी दिन, पिता ने पहली बार जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। रिश्तों की मर्यादा लांघ चुके इस पिता ने इसके बाद तो इसे अपनी आदत बना लिया। जब भी मौका मिलता, वह अपनी ही बेटी के साथ दुर्व्यवहार करता।

धमकियों के साये में गुजरे दो साल

आरोपी पिता सिर्फ दुष्कर्म ही नहीं करता था, बल्कि बेटी को खौफनाक धमकियां भी देता था। वह कहता था कि अगर उसने किसी को भी इस बारे में बताया, तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा या भारी नुकसान पहुंचाएगा। इसी डर के कारण वह मासूम दो साल तक घुट-घुटकर जीती रही और यह अत्याचार सहती रही।

सब्र का बांध टूटा और खुला राज

पाप का अंत निश्चित था। जानकारी के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को जब पीड़िता स्कूल से लौट रही थी, तो उसे फिर से पिता के अत्याचार का सामना करना पड़ा। इस बार उसका सब्र जवाब दे गया। रास्ते में उसे अपनी मां मिली। मां को देखते ही वह फूट-फूट कर रोने लगी और दो साल से सीने में दबी सारी सच्चाई बयां कर दी। बेटी की आपबीती सुनकर मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।

मां ने दिखाई हिम्मत, दरिंदा गिरफ्तार

मेहनतकश मां ने एक पल की भी देरी नहीं की। वह तुरंत अपनी पीड़ित बेटी को लेकर महिला थाना पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना और चक्रधर नगर थाना की एक संयुक्त टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपी पिता को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

​डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है। पुलिस इस बेहद संवेदनशील और गंभीर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

Comments


bottom of page