top of page

✈️ सूर्यकिरण टीम ने देशभक्ति और अनुशासन की मिसाल पेश की; किसान पुत्र गौरव पटेल ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव



रायपुर।

नवा रायपुर का आसमान आज ऐसा नज़ारा बना, जैसा इतिहास गवाहों के लिए संजोता है। हजारों निगाहें ऊपर टिकी थीं, दिलों की धड़कनें तेज थीं, और गर्व से सीने चौड़े — क्योंकि भारत की शान, भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने राज्योत्सव के मंच को देशभक्ति और रोमांच की चमक से जगमगा दिया।

आकाश में तिरंगे की आकृति, दिल के आकार में उड़ान, और विस्फोटक बॉम्ब बर्स्ट फॉर्मेशन… हर दृश्य ने मानो यह कहा — यह नया छत्तीसगढ़ है, गर्व से भरा और आसमान छूने को तैयार !


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अद्भुत प्रदर्शन को ‘छत्तीसगढ़ के रजत महोत्सव का आकाशीय उत्सव’ बताते हुए कहा कि “आज नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के साहस, अनुशासन और अदम्य शौर्य का प्रतीक बना। सूर्यकिरण टीम द्वारा प्रस्तुत बॉम्ब बर्स्ट, हार्ट-इन-द-स्काई और एरोहेड फॉर्मेशन भारतीय सामरिक क्षमता और आकाशीय पराक्रम के अद्वितीय उदाहरण हैं।”

इस ऐतिहासिक एयर शो को और विशिष्ट बनाया छत्तीसगढ़ के सपूत, किसान पुत्र गौरव पटेल ने, जो सूर्यकिरण टीम का हिस्सा रहे। अपनी कुशलता और अद्भुत उड़ान तकनीक से उन्होंने न सिर्फ वायुसेना की शान बढ़ाई, बल्कि पूरे प्रदेश का हृदय गर्व से भर दिया।


मुख्यमंत्री ने कहा— “इस वीर बेटे की भूमिका ने हर छत्तीसगढ़वासी को गौरवान्वित किया है। यह क्षण आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा और प्रदेश के लिए सम्मान का अध्याय है।”


छत्तीसगढ़ की 25वीं वर्षगांठ पर हुआ यह अद्वितीय एयर शो वायुसेना के साहस, अनुशासन और देशभक्ति का संदेश बनकर इतिहास में दर्ज हो गया। धरती से आसमान तक आज छत्तीसगढ़ उत्साह, गौरव और राष्ट्रीय गर्व में डूबा दिखा — हर उड़ान ने तिरंगे को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।

Comments


bottom of page