धमतरी पुलिस की ऐतिहासिक पहल: Dhamtari Police Ki Pathshala बनी युवाओं के सपनों की नई उड़ान
- moolchand sinha

- 1 day ago
- 3 min read
डीजीपी अरुण देव गौतम ने किया निःशुल्क पुस्तकालय एवं बुक बैंक का शुभारंभ, कहा- प्रदेश के हर जिले में शुरू हो ऐसी पहल

धमतरी।
पुलिस की पहचान केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज निर्माण और युवा सशक्तिकरण में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। इसी सोच को साकार करते हुए धमतरी पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग के तहत एक ऐतिहासिक पहल करते हुए “ Dhamtari Police Ki Pathshala ” (निःशुल्क पुस्तकालय एवं बुक बैंक) का शुभारंभ किया। यह अभिनव प्रयास आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नि:शुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कर उनके सपनों को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने फीता काटकर किया। उन्होंने पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए इस पहल को पुलिस और समाज के बीच विश्वास एवं सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
ज्ञान का केंद्र बनेगी ‘ Dhamtari Police Ki Pathshala ’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की सबसे मजबूत आधारशिला होती है। धमतरी पुलिस द्वारा प्रारंभ की गई यह पाठशाला केवल एक पुस्तकालय नहीं, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को साकार करने वाला ज्ञान केंद्र है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए। यदि सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तो ग्रामीण और सामान्य परिवारों के बच्चे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी जिलों में इस तरह की पहल शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
युवाओं के सपनों का लॉन्च पैड बनेगी यह पहल : एसपी परिहार
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि धमतरी पुलिस की टैगलाइन "जन सेवा • सुरक्षा • विश्वास" को वास्तविक रूप देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में UPSC, CGPSC, SSC, बैंकिंग, रेलवे, रक्षा सेवाएं, व्यापम, शिक्षक भर्ती, पटवारी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को करियर काउंसलिंग, इंटरव्यू गाइडेंस, व्यक्तित्व विकास, स्पोकन इंग्लिश, डिक्शनरी, रेफरेंस बुक्स तथा प्रेरणादायी साहित्य जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
"यह केवल पुस्तकालय नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को सफलता तक पहुंचाने वाला लॉन्च पैड है।" — सूरज सिंह परिहार, पुलिस अधीक्षक, धमतरी
" पुस्तकों को बनाइए अपना सबसे अच्छा मित्र : कलेक्टर"
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने युवाओं को पुस्तकों से जुड़ने का संदेश देते हुए कहा कि ज्ञान ही सफलता का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कहा कि जो युवा पुस्तकों से मित्रता करते हैं, वे जीवन में निश्चित रूप से बड़ी उपलब्धियां हासिल करते हैं।
उन्होंने इस पहल को समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयास का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
समाज ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
“Dhamtari Police Ki Pathshala" को समाज का भी व्यापक समर्थन मिला। रेडक्रॉस सोसायटी, लायंस क्लब, रोटरी क्लब, इनरव्हील क्लब, चैंबर ऑफ कॉमर्स, यूथ हॉस्टल, शिक्षक संघ, पुलिस पेंशनर संघ, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों सहित अनेक सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में पुस्तकें दान कर इस अभियान में सहभागिता निभाई।
सहयोगकर्ताओं का किया गया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय की स्थापना एवं संचालन में विशेष सहयोग देने वाले समाजसेवियों, संस्थाओं एवं अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
बड़ी संख्या में उपस्थित रहे गणमान्य नागरिक
कार्यक्रम में डीजीपी अरुण देव गौतम, आईपीएस ऑफिसर्स वाइफ एसोसिएशन की प्रमुख ज्योति गौतम, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी सहित जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों, पूर्व सैनिकों, पुलिस पेंशनर्स, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े: "आंखों पर पट्टी बांधकर पढ़ने वाले बच्चों का चौंकाने वाला प्रदर्शन, जानिए क्या है प्रज्ञा योग https://www.breakinnow.com/post/pragya-yoga-karyakram-bhakhara
धमतरी पुलिस का संकल्प
"कोई भी प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे न रहे"
इसी संकल्प के साथ शुरू की गई “Dhamtari Police Ki Pathshala ” आने वाले समय में जिले के हजारों युवाओं के लिए ज्ञान, मार्गदर्शन और सफलता का केंद्र बनेगी तथा पुलिस और समाज के बीच विश्वास और सहभागिता को और अधिक मजबूत करेगी।
यह भी पढ़ें: गोबरा में त्रिकोणीय संघर्ष ने बढ़ाई उत्सुकता, जानिए कौन-कौन मैदान में।👇




Comments