शराब के लिए अड़ीबाजी: पैसे देने से इनकार पर युवक पर चाकू से हमला, बहन से भी मारपीट; आरोपी गिरफ्तार
- moolchand sinha

- 4 days ago
- 2 min read

धमतरी।
शराब के लिए अड़ीबाजी करते हुए पैसे मांगने और इनकार करने पर युवक पर धारदार चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। जालमपुर में रास्ता रोककर शराब पीने के लिए रुपए मांगने वाले आरोपी ने पैसे देने से मना करने पर युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा धारदार चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की बहन के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी कृष भारती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शराब के लिए अड़ीबाजी कर रास्ता रोका, इनकार पर चाकू से हमला
घटना 28 अगस्त 2026 की है। प्रार्थी अभिषेक बंजारे मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान जालमपुर मिडिल स्कूल के पास महंत घासीदास वार्ड निवासी कृष भारती (20) ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि कृष भारती ने अभिषेक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धारदार चाकू से हमला कर दिया।
इस दौरान अभिषेक की बहन शारदा टेकाम बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उसके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की।
सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की रिपोर्ट के बाद थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 209/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 119, 296, 118(1), 351(2) के तहत विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना में प्रयुक्त हथियार पुलिस के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने 10.5 इंच लंबे धारदार स्टील के चाकू को बरामद कर जब्त किया।
हथियार की बरामदगी के बाद प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 भी जोड़ी गई।
शराब के लिए अड़ीबाजी मामले में आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी कृष भारती पिता शक्ति भारती, उम्र 20 वर्ष, निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर, धमतरी को 30 अगस्त 2026 को 13:15 बजे गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 12 सितंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शराब के लिए अड़ीबाजी, चाकूबाजी, मारपीट और सार्वजनिक स्थानों पर भय का माहौल पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।



Comments