top of page

​गरियाबंद: मर्यादा तार-तार, फ्रंट सीट पर SDM और मंच पर अश्लील डांस; कलेक्टर ने नापा, 4 आयोजक गिरफ्तार

प्रतीकात्मक चित्र
प्रतीकात्मक चित्र

गरियाबंद। जिस अधिकारी के कंधों पर कानून-व्यवस्था और सामाजिक मर्यादा बनाए रखने की जिम्मेदारी थी, वही जब 'बार बालाओं' के ठुमकों पर तालियां बजाने लगे, तो प्रशासन का इकबाल क्या रह जाएगा? गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने खाकी और खादी दोनों को शर्मसार कर दिया है। यहाँ ओपेरा के नाम पर आयोजित कार्यक्रम में ओडिशा से बुलाई गई बार डांसरों द्वारा अर्धनग्न अवस्था में अश्लील डांस किया गया, और सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि इस कार्यक्रम की अनुमति देने वाले एसडीएम (SDM) तुलसी दास मरकाम खुद फ्रंट सीट पर बैठकर रात भर इस फूहड़ता का लुत्फ उठाते रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की आड़ में परोसी गई अश्लीलता

​देवभोग थाना क्षेत्र के ग्राम उरमाल में 6 दिवसीय ओपेरा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मनोरंजन का हवाला देते हुए कुछ युवकों की समिति ने इसके लिए मैनपुर एसडीएम से अनुमति ली थी। हालांकि, आयोजन के तीसरे दिन (7 जनवरी) से ही संस्कृति के नाम पर मंच से अश्लीलता परोसी जाने लगी।

​ओडिशा सीमा से लगे इस इलाके में पड़ोसी राज्य से बार डांसरों को बुलाया गया था, जिन्हें 30 से 40 हजार रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जा रहा था।

SDM के लिए आरक्षित थी 'वीआईपी' सीट

​प्रशासनिक लापरवाही की हद तब पार हो गई जब 9 जनवरी की रात एसडीएम तुलसी दास मरकाम स्वयं कार्यक्रम देखने पहुँच गए। आयोजकों ने साहब की खातिरदारी में कोई कसर नहीं छोड़ी और उनके लिए बाकायदा स्टेज के ठीक सामने की सीट आरक्षित रखी गई थी।

​रात 11 बजे से तड़के 3 बजे तक एसडीएम की मौजूदगी में मंच पर अर्धनग्न डांस चलता रहा।


​केवल एसडीएम ही नहीं, वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि और रसूखदार भी मर्यादा भूलकर डांसरों पर नोट उड़ाते और फूहड़ हरकतें करते नजर आए।

वीडियो वायरल होते ही एक्शन में प्रशासन: गिरे कई विकेट

​10 जनवरी को जब इस 'रंगीन रात' का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की:

एसडीएम पर गाज: मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए कलेक्टोरेट अटैच कर दिया गया है। उन्हें शो-कॉज (कारण बताओ) नोटिस जारी किया गया है। उनकी जगह राम सिंह सोरी को नया एसडीएम नियुक्त किया गया है।

जांच समिति गठित: मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर कलेक्टर के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई है, जो अपनी रिपोर्ट कमिश्नर को सौंपेगी।

पुलिसकर्मी नपे: डांसरों के साथ अश्लील हरकत करने वाले दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर दिया गया है।

आयोजक गिरफ्तार, आखिरी दिन का शो रद्द

​थाना प्रभारी फैजल शाह ने बताया कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आयोजन समिति के चार मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके नाम हैं:

  • देवेंद्र राजपूत

  • गोविंद देवांगन

  • नरेंद्र साहू

  • हसन डाडा

​इन सभी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 296, (3) (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस सख्ती के बाद 10 जनवरी को होने वाला आखिरी दिन का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

Comments


bottom of page