धमतरी ब्रेकिंग – गोडाउन से धान चोरी का पर्दाफाश! पुलिस की फुर्ती से 24 घंटे में चोर सलाखों के पीछे, 4.12 लाख का माल बरामद
- moolchand sinha

- Nov 13, 2025
- 2 min read

धमतरी।
शहर में बीती रात हुई धान चोरी की वारदात को पुलिस ने अपनी तेज़ कार्यवाही से महज़ 24 घंटे में सुलझा लिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने गोडाउन से धान चोरी करने वाले मुख्य आरोपी हर्ष मानिकपुरी (22 वर्ष, बठेना वार्ड धमतरी) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी गया 11 बोरी आर.बी. धान, एक ई-रिक्शा और एक आईफोन 16 प्रो मोबाइल सहित कुल 4 लाख 12 हजार रुपए का माल बरामद किया है।
घटना का पूरा मामला:
11 नवंबर की रात आर.एल. एग्रोटेक गोडाउन (नया बस स्टैंड के पीछे) से अज्ञात चोरों ने 11 कट्टा धान (लगभग 40 किलो प्रति कट्टा) चोरी कर लिया था। प्रार्थी विजय लालवानी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/25 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
एसपी धमतरी के निर्देशन और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी की टीम ने मुखबिर की सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए सोरिद नगर सब्जी मंडी क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी हर्ष मानिकपुरी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी दुष्यंत साहू के साथ मिलकर गोडाउन की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया और धान के बोरे ई-रिक्शा में भरकर भाग निकले थे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया धान, ई-रिक्शा और मोबाइल को जब्त किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
🟩 जब्त सामान:
11 बोरी आर.बी. धान — ₹12,000/-
आईफोन 16 प्रो मोबाइल — ₹1,00,000/-
ई-रिक्शा (CG-05-AR-7019) — ₹3,00,000/-
कुल जुमला: ₹4,12,000/-
🟥 मुख्य आरोपी:
हर्ष मानिकपुरी पिता अशोक मानिकपुरी, उम्र 22 वर्ष, निवासी बठेना वार्ड, धमतरी
पुलिस की तत्परता बनी चर्चा का विषय:
सिटी कोतवाली पुलिस की तेजी और तत्परता ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अपराध कितना भी शातिर क्यों न हो — धमतरी पुलिस की पकड़ से बच पाना मुश्किल है।




Comments