अजय चंद्राकर का तंज—धमतरी में कांग्रेस का संविधान दिवस बना सियासी अखाड़ा, मंच पर जूतम-पैजार और ‘दलाली’ का बवाल
- moolchand sinha

- Nov 28, 2025
- 2 min read


धमतरी (छत्तीसगढ़)।
संविधान दिवस का गंभीर मंच धमतरी में कांग्रेस की गुटबाज़ी का खुला अखाड़ा बन गया। छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट की मौजूदगी में टिकट दलाली के आरोपों ने ऐसा विस्फोट किया कि पूरा कार्यक्रम जूतम–पैजार और चीख-पुकार से भर गया। जिस कार्यक्रम में संविधान की बात होनी थी, वह कांग्रेस के अंदरूनी टकराव का लाइव तमाशा बन गया। बवाल बढ़ने पर कांग्रेस ने तत्काल एक नेता को 6 वर्ष के लिए निष्कासित भी कर दिया।
मंच पर ‘दलाली’ का आरोप और सीधा टकराव
पूर्व जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र अजमानी ने मंच से उतर रहे सचिन पायलट के सामने ही महापौर टिकट में दलाली का आरोप जड़ दिया। उनका दावा था कि नगर निगम चुनाव में डमी प्रत्याशी न खड़ा करने के एवज में पैसों का लेन-देन हुआ, जिसके चलते भाजपा के उम्मीदवार की जीत हुई।
आरोप लगते ही मंच पर अफरा-तफरी मच गई। अजमानी और जिला अध्यक्ष कैमरों के सामने भिड़ गए और मंच पलभर में सियासी युद्धक्षेत्र बन गया।
वरिष्ठ नेताओं की एंट्री — फिर भी आग शांत नहीं
विवाद इतना बढ़ा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को दखल देना पड़ा। लेकिन पार्टी की फूट पूरी तरह उजागर हो चुकी थी।
सुलझे हुए नेता नीलम और निशु चंद्राकर ने बिगड़ता माहौल संभाला

कांग्रेस के सुलझे हुए नेताओं नीलम चंद्राकर और निशु चंद्राकर ने तनावपूर्ण माहौल को तुरंत संभालते हुए स्थिति को शांत किया और देवेंद्र अजमानी को समझाइश देकर राजीव भवन ले गए। उनके हस्तक्षेप से कार्यक्रम में फैल रही भारी अशांति थम गई और पूरा वातावरण फिर नियंत्रित हो गया।
भाजपा का प्रहार: अजय चंद्राकर बोले — ‘कांग्रेस में शौर्य और संस्कार दोनों!’
घमासान पर भाजपा ने भी धारदार हमला बोला। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा—
“कांग्रेस में शौर्य और संस्कार दोनों हैं। वहां नेता ऐसे करतब दिखाते हैं जैसे किसी राजनीतिक दल में नहीं, बल्कि अखाड़े में लड़ रहे हों। एक परिवार की कृपा पर चलने वाली राजनीति का यही परिणाम है कि कार्यकर्ता आपस में जूतम-पैजार करते रहते हैं।”
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस नेता हाईकमान की सुन रहे हैं लेकिन जनता की आवाज़ को अनसुना कर रहे हैं—और जनता समय आने पर स्पष्ट जनादेश देगी।








Comments