“इश्क बना इरादा-ए-क़त्ल: दन्तेश्वरी तालाब पर हथौड़े से हमला, सिहावा पुलिस ने 7 दिन में खोली साजिश की परतें”
- moolchand sinha

- Jan 13
- 2 min read

सिहावा | 13 जनवरी।
एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना प्रभारी सिहावा के नेतृत्व में थाना सिहावा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सांकरा में घटित हत्या के प्रयास के गंभीर प्रकरण में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर घटना का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला
दिनांक 04 जनवरी 2026 को ग्राम सांकरा स्थित दन्तेश्वरी मंदिर तालाब पचरी में अज्ञात हमलावरों ने 35 वर्षीय धनेश्वर जोगी पर किसी ठोस वस्तु से सिर व सिर के पीछे प्राणघातक वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना पर थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 01/2026, धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
तकनीकी जांच से खुला राज
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल विश्लेषण के आधार पर चौंकाने वाला तथ्य उजागर किया। जांच में सामने आया कि पीड़ित धनेश्वर जोगी का आरोपी जितेन्द्र कुमार चंदनिया की पत्नी से लगातार संपर्क था और दोनों के बीच अवैध प्रेम संबंध थे। इसी बात को लेकर जितेन्द्र चंदनिया का अपनी पत्नी और पीड़ित के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था।
इसी दिन दोपहर में पीड़ित का विवाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी से भी हुआ था, जिससे दोनों आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गए।
साजिश रची, अंधेरे में किया हमला
इस पारिवारिक कलह और अपमान से आक्रोशित होकर दोनों आरोपियों—जितेन्द्र चंदनिया और चन्द्रप्रकाश चंदनिया—ने मिलकर पीड़ित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। उन्हें पता था कि धनेश्वर रोज शाम को दन्तेश्वरी तालाब पचरी में बैठता है।
दिनांक 04 जनवरी 2026 की शाम करीब 06 बजे अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों वहां पहुंचे। आरोपी जितेन्द्र चंदनिया ने लोहे के हथौड़े से पीड़ित के सिर के पीछे जोरदार वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी चन्द्रप्रकाश चंदनिया ने उसके पीठ पर लात मारकर उसे दोबारा गिरा दिया, ताकि वह उठ न सके और उसकी जान चली जाए।
हथियार बरामद, दोनों आरोपी जेल
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा विधिवत जप्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
आरोपीगणों का विवरण
(01) जितेन्द्र कुमार चंदनिया, पिता स्व. प्रेमलाल चंदनिया, उम्र 38 वर्ष, साकिन सतनामी पारा, सांकरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.)
(02) चन्द्रप्रकाश चंदनिया, पिता बिसहत लाल चंदनिया, उम्र 43 वर्ष, साकिन सतनामी पारा, सांकरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी (छ.ग.)
पुलिस की तत्परता की सराहना
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल था, लेकिन सिहावा पुलिस की तेज, सटीक और तकनीकी जांच ने न सिर्फ आरोपियों को बेनकाब किया बल्कि यह भी संदेश दिया कि अपराध चाहे रिश्तों की आड़ में छिपा हो या अंधेरे में किया गया हो—कानून की नजर से बच नहीं सकता।
ऐसे मामलों पर आपकी क्या राय है?
क्या अवैध संबंध समाज के लिए सबसे बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं?
अपनी राय कमेंट में लिखें और खबर शेयर कर दूसरों तक पहुँचाएं।








Comments