कुरूद: रजत जयंती पर नवोदय विद्यालय में मोबाइल मेडिकल यूनिट का स्वास्थ्य शिविर, 90 छात्रों की जांच
- moolchand sinha

- Nov 5, 2025
- 1 min read

कुरूद (धमतरी)।
रजत जयंती वर्ष के अवसर पर नगर में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट कुरूद द्वारा मंगलवार को पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कुरूद में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण, रक्त परीक्षण एवं आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। इस पहल से बच्चों के साथ-साथ पालकों को भी बड़ी राहत मिली है।
शिविर का संचालन डॉ. वैभव सिन्हा के मार्गदर्शन में किया गया। उनके साथ नर्स, लैब टेक्नीशियन एवं फार्मासिस्ट उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ए.पी.एम. क्षितिज अग्रवाल, विद्यालय प्राचार्य मनोज कुमार विद्यार्थी, वरिष्ठ शिक्षक एस.के. प्रधान, वरिष्ठ नर्स सत्यभामा तथा अन्य शिक्षकों की सहभागिता रही।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महेंद्र राज गुप्ता के निर्देशानुसार प्रत्येक माह विद्यार्थियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाता है। साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा प्रतिमाह ,कुरूद एवं मगरलोड क्षेत्र में कुल 24 स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं विद्यार्थियों को मिल रहा है।
शिविर में कुल 90 छात्रों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं ईवीएम निरीक्षण किया गया तथा दवाइयों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम ग्रामीण एवं शैक्षणिक क्षेत्र में स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।








Comments